नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को दिल्ली की ऐतिहासिक सेंट्रल सेक्रेटेरियट लाइब्रेरी (CSL) के संरक्षण और उचित व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार के प्रति कड़ी नाराजगी जाहिर की। अदालत ने सवाल उठाया कि करीब 135 साल पुरानी इस ऐतिहासिक लाइब्रेरी और उसमें मौजूद बहुमूल्य पुस्तकों के संरक्षण के लिए सरकार की ओर से पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए हैं।
दरअसल, सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत लाइब्रेरी को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है। इस लाइब्रेरी में 8.5 लाख से अधिक किताबें मौजूद हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पुस्तकें शामिल हैं। इन पुस्तकों के भविष्य और उनके उचित रखरखाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने गंभीर चिंता जताई।
सुनवाई के दौरान अदालत ने सरकार को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि पुस्तकों का सम्मान किया जाना चाहिए और उनके संरक्षण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। कोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा, “अगर आपको इन किताबों की जरूरत नहीं है, तो इन्हें किसी दूसरे देश को दे दीजिए, जो इनका ख्याल रख सके।”
तांडव नेशनल न्यूज़


