थाईलैंड के लोकप्रिय पर्यटन स्थल फुकेत में मंगलवार तड़के एक भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। यहां एक कमर्शियल बिल्डिंग में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की कई इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, आग स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 3:17 बजे उस इमारत में लगी, जहां वाहनों को किराए पर देने का कारोबार संचालित होता था। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की इमारतें भी इसकी चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
थाईलैंड के अधिकारियों के अनुसार, दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। इस भीषण हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है।
तांडव नेशनल न्यूज़


