पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर बड़ा आतंकी हमला हुआ है। मस्तुंग जिले में N-25 नेशनल हाईवे पर स्थित सुरक्षा जांच चौकी को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती कार बम विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, यह धमाका गुरुवार शाम मस्तुंग जिले के कांडा वा इलाके में हुआ। एक सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक, विस्फोटकों से भरी कार फ्रंटियर कॉर्प्स (FC) की जांच चौकी से टकरा गई, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन ने आत्मघाती हमलावर की पहचान ओसामा शाहवानी के रूप में करते हुए दावा किया कि वह वर्ष 2022 में संगठन में शामिल हुआ था।
वहीं, एक सुरक्षा अधिकारी ने दावा किया कि शाहवानी का नाम वर्ष 2024 में लापता व्यक्तियों से जुड़े एक मामले में भी सामने आया था। अधिकारी के अनुसार, यह घटना बलूचिस्तान के युवाओं को संगठन में शामिल करने और उनकी गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को गुमराह करने की कथित रणनीति की ओर इशारा करती है।
फिलहाल इस हमले के बाद क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
तांडव नेशनल न्यूज़


