तांडव नेशनल न्यूज़ | नई दिल्ली
दीवाली के जश्न के बाद देश की राजधानी दिल्ली की हवा बेहद खराब हो गई है। पटाखों के धुएं और पहले से मौजूद प्रदूषण के चलते दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 404 तक पहुंच गया, जो गंभीर (Severe) श्रेणी में आता है। सोमवार सुबह राजधानी के कई इलाकों में धुंध और स्मॉग की मोटी चादर देखने को मिली, जिससे लोगों को सांस लेने और आंखों में जलन जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 400 के पार दर्ज किया गया। वहीं, मुंबई की स्थिति दिल्ली के मुकाबले बेहतर रही। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक, सोमवार सुबह मुंबई का AQI लगभग 170 दर्ज किया गया, हालांकि वहां भी दीवाली के दौरान पटाखों के कारण प्रदूषण में बढ़ोतरी देखने को मिली।
दिल्ली और मुंबई के प्रदूषण स्तर में यह अंतर महानगरों की वायु गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। विशेषज्ञों के अनुसार, पटाखों के अलावा वाहनों से निकलने वाला धुआं, निर्माण कार्यों की धूल, औद्योगिक उत्सर्जन और प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियां भी प्रदूषण बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं।
राजधानी में लगातार बिगड़ती हवा के बीच बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर हर साल दीवाली के बाद दिल्ली की हवा जहरीली होने से रोकने के लिए स्थायी और प्रभावी कदम कब उठाए जाएंगे?
मान्या साध, नेशनल हेड
तांडव नेशनल न्यूज़ — जनता की आवाज, निष्पक्ष पत्रकारिता।


